Sangeeta Aggarwal
संगीता अग्रवाल
संगीता अग्रवाल का जन्म श्री नानक चन्द्र अग्रवाल और सन्तोष अग्रवाल के यहाँ पुरानी दिल्ली स्थित पहाड़ी धीरज पर हुआ। देश सेवा के लिए काम करने की प्रेरणा संगीता को विरासत में मिली है, क्योंकि संगीता नाम आपातकाल के दौरान जन्मी इस बच्ची को लोकनायक जयप्रकाश नारायण और प्रो. मधु दण्डवते जी ने ही दिया था। प्रो. मधु दण्डवते जी ने ही संगीता को पत्रकारिता एवं लेखन के लिए प्रेरित किया। संगीता की पहली किताब दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रथम वर्ष में पढ़ाई के दौरान प्रो. मधु दण्डवते जी के नेतृत्व में ही आरम्भ हुई थी। किताब का नाम है- एक से बढ़कर एक शिखर महिलाएँ। यह किताब आज भी अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी सफलता का परचम लहरा चुकी महिलाओं के विषय में जानने के इच्छुक पाठकों में बेहद पसन्द की जाती है। एक से बढ़कर एक शिखर पुरुष, मीडिया में महिलाओं की भूमिका, कृषि में महिलाओं की भूमिका, एक से बढ़कर एक कोरोना योद्धा संगीता अग्रवाल की अब तक की सबसे चर्चित पुस्तकें हैं।
साहित्य अकादेमी में कई सालों से कविता-पाठ, सहभागिता के साथ-साथ ‘फोसवाल लिटरेचर फ़ेस्टिवल’ में भी उनका कविता-पाठ काफ़ी पसन्द किया जाता है।
संगीता अग्रवाल साल 2005 से देश के लोक प्रसारक न्यूज़ में कार्यरत हैं और वर्तमान में वो वरिष्ठ समाचार सम्पादक डीडी न्यूज़ के पद पर कार्यरत हैं।